Sunday , May 5 2024

पेट्रोल-डीजल महंगाई पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, दिया धरना

मध्यप्रदेश में बढ़ती पेट्रोल और डीजल की कीमतों के विरोध में शुक्रवार को ग्वालियर में कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया गया। ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रवीण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं सांकेतिक रूप से बाइक को हाथ ठेले पर रखा, और उसे शहर की सड़कों पर घुमाया।

पेट्रोल पंप के सामने पहुंच कर भी विरोध प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा.सतीश सिंह सिकरवार ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सनातन धर्म मंदिर के सामने बने पेट्रोल पंप पर धरना दिया है। शहर भर में करीब 51 पेट्रोल पंप पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री विधायक व नेताओं ने सुबह 9 से 11 तक धरना दिया है।

विधायक सतीश सिंह सिकरवार ने धरना देते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई की मार से जनता बेहाल है। पेट्रोल डीजल के अलावा खाद्यान्न की बढ़ी कीमतों से आम जनता परेशान है और प्रदेश की भाजपा सरकार सो रही है।

विधायक ने भाजपा सरकार को चेतावनी दी है कि जल्द अगर महंगाई पर काबू नहीं पाया तो कांग्रेस एक बड़ा आंदोलन करेगी। धरना प्रदर्शन के दौरान अलबेल घुरैया, प्रमोद जैन, गौरव शर्मा, अनिल शर्मा, शरद यादव, अवधेश गौरव, सौमित्र, राजू यादव, अंकित कट्टल, हरिकांत गुर्जर, राजेंद्र राठी, अनूप मिश्रा, वृंदावन चौरसिया आदि मौजूद रहे।