Monday , June 16 2025

एक से अधिक मकान या प्लाट है तो हो जाइए सावधान, एलडीए करने जा रही यह कार्रवाई

एक से अधिक भूखंड व मकान लेने वालों के खिलाफ एलडीए कार्रवाई करने जा रहा है। इनके आवंटन निरस्त किए जाएंगे। नियमानुसार लोग केवल एक ही मकान या प्लाट रख पाएंगे। शहर के तमाम लोगों ने एलडीए से कई कई मकान, प्लॉट तथा फ्लैट ले लिए हैं। जबकि नियमानुसार पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों में से केवल एक व्यक्ति ही संपत्ति ले सकता है। इसीलिए एलडीए बुकिंग के समय संबंधित व्यक्ति से शपथ पत्र लेता है कि उसके पास कोई दूसरा मकान, प्लॉट या फ्लैट नहीं है। लेकिन तमाम लोगों ने नियमों को दरकिनार कर एक से अधिक संपत्तियां खरीदी हैं।

अब एलडीए ऐसे लोगों से अपनी संपत्तियों वापस लेगा। इसके लिए कंप्यूटर से एक से अधिक संपत्ति खरीदने वालों का विवरण तलाशा जा रहा है। कानपुर रोड योजना के कुछ ऐसे आवंटी मिले हैं जिनके नाम दो-दो संपत्तियां मिली हैं। जल्दी ही इनके आवंटन निरस्त होंगे। कानपुर रोड योजना के एक आवंटी अंकुर का नाम भी पकड़ में आया है। इनके नाम दो प्लॉट है। एक प्लॉट यह दूसरे को बेच भी चुके हैं और दूसरे की रजिस्ट्री कराने जा रहे हैं। एलडीए ने इनकी रजिस्ट्री रोक दी है। इसका आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है
 
कई आईएएस अधिकारियों तथा एलडीए कर्मचारियों के पास भी है कई कई संपत्तियां

कई आईएएस अधिकारियों के साथ एलडीए के बाबू तथा अधिकारियों ने भी नियम विरुद्ध एक से अधिक मकान व प्लॉट ले रखे हैं। पूर्व में भी अधिकारियों को इसके बारे में जानकारी हुई थी। लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। अब एक बार फिर से कवायद शुरू हुई है। एलडीए की पूर्व उप सचिव तथा पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की समधन अंबी विष्ट तथा उनके पति के नाम भी 3 संपत्तियां जांच में मिली थी। जबकि एक संपत्ति वह हो बेच चुके थे।

एलडीए सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि जिन लोगों ने एक से अधिक संपत्ति ली हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कुछ मामले पकड़े गए हैं। जल्दी ही इनके आवंटन निरस्त करा दिए जाएंगे। नियमानुसार केवल एक प्लॉट या मकान ही लिया जा सकता है।