Saturday , May 11 2024

मध्य प्रदेश का चिकित्सा शिक्षा विभाग एक और नई पहल शुरू करने की तैयारी में, पढ़े पूरी ख़बर

मध्य प्रदेश का चिकित्सा शिक्षा विभाग एक और नई पहल शुरू करने जा रहा है। प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना की जाएगी। मेडिकल छात्र, डॉक्टर और अस्पताल में मरीजों के परिजन मिलकर भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना करेंगे। यह बात प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कही है।
दरअसल इसे लेकर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि इस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य मध्य प्रदेश को स्वस्थ प्रदेश बनाना है हिन्दू मान्यताओं के हसाब से धन्वंतरी भगवान विष्णु भगवान का ही अवतार है। उनकी पूजा स्वास्थ्य लाभ के लिए ही की जाती है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि, हर साल मध्य प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इस बार 22 अक्टूबर को धनतेरस है और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भोपाल और इंदौर के मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस ने अपनी एक मांग उठाई है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की घोषणा के बाद सरकार से कांग्रेस ने मांग की है। उन्होंने कहा कि अब धनतेरस पर धन्वंतरि के साथ साथ मृत्यु लोक के देवता यमराज की भी पूजा होनी चाहिए। यह मांग मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने उठाई है। उन्होंने कहा कि धर्म की अधिक जानकारी के लिए मंत्री विश्वास सारंग को अच्छे ज्ञानी पंडित से बात करना चाहिए। क्योंकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन यमराज की भी पूजा की जाती है तो उसे भी आगे बढ़ाया जाना चाहिए। कांग्रेस नेता के के मिश्रा ने ट्वीट कर लिखा कि 18 सालों के “धन-मंत्रियों” को अब याद आई भगवान “धनवंतरी” की याद, मेडिकल कॉलेजों में हर साल होगा”आरोग्य”के देवता का पूजन, अब तक”दिवाली”मनाते रहे,अब आई “आरोग्य” की याद। पहले ही यह सोचते तो कोरोना काल में निर्दोष लाशों के अंबार नहीं लगते! नौटंकी छोड़ स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान दीजिए। इससे पहले चिकित्सा विभाव द्वारा भोपाल के लाल परेड मैदान में एमबीबीएस हिंदी सिलेबस की किताब का विमोचन हुआ। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहें। मध्य प्रदेश, देश में हिंदी भाषा में एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू करने वाला पहला राज्य बन गया है। शुरुआत में हिंदी के लिए तीन विषयों का चुना गया है, जिसमें एनाटॉमी, फिजियोलॉजी और बायोकैमिस्ट्री शामिल हैं। वहीं डेंगू के बढ़ते मामलों पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि डेंगू के बढ़ते प्रकोप को लेकर सरकार समुचित रोकथाम कर रही है। स्वास्थ्य विभाग के साथ ग्रामीण विकास और नगरीय निकाय विभाग के साथ मिलकर डेंगू लार्वा के रोकथाम के उपाय करेंगे।