Friday , May 17 2024

भारतीय वोवीनाम मार्शल आर्ट टीम में उत्तर प्रदेश के सात खिलाड़ी चयनित

विश्व वोवीनाम चैंपियनशिप में भाग लेगी भारतीय वोवीनाम मार्शल आर्ट टीम
वर्ल्ड कांग्रेस में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे डा.विष्णु सहाय और प्रवीण गर्ग

लखनऊ : वियतनाम की हो- चिन- मिन्ह सिटी में आगामी 22 नवंबर से 1 दिसंबर, 2023 तक होने वाली 7वीं विश्व वोवीनाम चैंपियनशिप में भारतीय वोवीनाम मार्शल आर्ट टीम भाग लेगी। इस चैंपियनशिप के लिए चयनित 26 सदस्यीय भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश के 7 खिलाड़ियों को चयनित किया गया है। भारतीय टीम में शामिल उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का विदाई समारोह शनिवार को लखनऊ ओलंपिक संघ के द्वारा बृज की रसोई में आयोजित किया गया जिसमें मुख्य अतिथि भाजपा विधायक डा.नीरज बोरा व विशिष्ट अतिथि लखनऊ ओलंपिक संघ के संरक्षक मुरलीधर आहूजा (वरिष्ठ समाजसेवी) ने खिलाड़ियों को किट प्रदान करते हुए चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। मुख्य अतिथि डा. नीरज बोरा ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि भारतीय खिलाड़ी पदक जीतेंगे और देश का तिरंगा लहराएंगे।

अतिथिगण ने इस बात पर भी हर्ष जताया कि विश्व वोवीनाम चैंपियनशिप के दौरान आयोजित वर्ल्ड वोवीनाम कांग्रेस में भारत का प्रतिनिधित्व डा.विष्णु सहाय व प्रवीण गर्ग करेंगे। इसके अलावा विश्व चैंपियनशिप में भारतीय टीम के मुख्य दलनायक (हेड डेलीगेट) डा.विष्णु सहाय होंगे। टीम के प्रशिक्षक महाराष्ट्र के शंकर महाबले व आसाम के पप्पू खान और मैनेजर उत्तर प्रदेश के प्रत्यूष रत्न पाण्डेय होंगे। समारोह में भारतीय टीम में शामिल उत्तर प्रदेश के गुलशन राज, अक्षत बाजपेयी, ईशान वर्मा, अंकित चौरसिया, कुंवर सूर्य प्रताप सिंह, प्रशांत सिंह और रागिनी गौतम मौजूद रहे। आज विदाई समारोह में समाजसेवी पंकज बोरा एवं यश बाजपेयी ने भी टीम में शामिल खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कामना की। इस अवसर पर लखनऊ ओलंपिक संघ के महासचिव डा.सैयद रफत जुबैर रिजवी ने अपने प्रेषित संदेश में विश्वास जताया कि भारतीय टीम विश्व स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का परचम लहराएगी। टीम में शामिल उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी 20 नवंबर 2023 को लखनऊ से नई दिल्ली रवाना होंगे। भारतीय टीम में चयनित अन्य प्रदेशों के खिलाड़ी दिल्ली में दल के साथ जुड़ेंगे। इसके बाद भारतीय टीम नई दिल्ली से 21 नवंबर 2023 को वियतनाम के लिए रवाना होगी।

भारतीय वोवीनाम टीम

पुरुष : गुलशन राज, अक्षत बाजपेयी, ईशान वर्मा, अंकित चौरसिया, कुंवर सूर्य प्रताप सिंह, प्रशांत सिंह (उत्तर प्रदेश), महेश कुमार गिट्टे, तेजस आदिनाथ, महेश मोहन मोरे, किरन दीपक, वी उद्धव राव जाधव, रामचंद्र, हर्षद ज्योतिराम, (महाराष्ट्र), महादेव चोंगथम, सोमरजीत सिंह (मणिपुर), पापू अहमद (आसाम), शैलेश भाई नानजी भाई, जय कुमार महेश भाई, (गुजरात)

महिला : रागिनी गौतम (उत्तर प्रदेश), किरन संजीव राठौर, एस.रामेश्वर (महाराष्ट्र), पुष्पा देवी, हिना, लंचन बी.देवी (मणिपुर), जितिन कोंच (आसाम), डिंपल वैष्णवी (छत्तीसगढ़),

मुख्य दलनायक : डा.विष्णु सहाय (उत्तर प्रदेश), आफिशियल : प्रवीण गर्ग (उत्तर प्रदेश), कोच : शंकर महाबले (महाराष्ट्र), पप्पू खान (आसाम), मैनेजर : प्रत्यूष रत्न पाण्डेय (उत्तर प्रदेश), निर्णायक : देवेन (मणिपुर), प्रमोद तिवारी (उत्तर प्रदेश)