Tuesday , March 4 2025

बसपा प्रत्याशी नीरज ने पर्चा दाखिल किया, 99 पर्चे बिके

देवरिया। छठवें चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार से नामांकन शुरू हो गया। पहले दिन पथरदेवा सीट से बसपा प्रत्याशी नीरज वर्मा ने दोपहर बाद पर्चा भरा। सातों विधानसभा के लिए कुल 99 पर्चे बिके। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में गहमागहमी रही।_1486488556
पुलिस ने कचहरी चौराहे से रोडवेज के बीच आवागमन पर रोक लगाने के साथ रूट डायवर्ट किया था। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कलेक्ट्रेट परिसर में बैरिकेडिंग की गई थी। कलेक्ट्रेट के दोनों गेटों पर पुलिस तैनात थी, जो बाइक से आने जाने वालों को रोक रही थी।

कलेक्ट्रेट परिसर स्थित न्यायालयों में रिटर्निंग अफसरों की देखरेख में पर्चे बिके। पहले दिन भाटपाररानी सीट के लिए सर्वाधिक 29 पर्चे बिके। जबकि देवरिया सीट के लिए 11, रुद्रपुर 16, बरहज 25, सलेमपुर, पथरदेवा और रामपुर कारखाना के लिए छह-छह प्रत्याशियों ने पर्चे खरीदे।