Friday , January 27 2023

बलिया :मामूली बात पर बवाल, फूंकीं झोपड़ियां

23_12_2016-23bal10c-c-1-5

रेवती , थाना क्षेत्र के टीएस बंधा के डइनिया ढाला के पास गुरुवार की देर शाम को सड़क पर साइड लेने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के बाद बवाल हो गया। इसमें एक पक्ष ने दो रिहायशी झोपड़ियों में आग लगा दी। इसमें दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। इस मामले में दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दे दी है।

नवकागांव निवासी उपेंद्र यादव (20) व विपिन यादव (22) बंधा के रास्ते घर बाइक से आ रहे थे। इसी बीच बंधे पर खड़े परमात्मा पासवान निवासी मांझा से सड़क से साइड में हटने को लेकर विवाद हो गया। इसमें बाइक सवार दोनों युवक की जमकर पिटाई कर दी गई। घटना के कुछ ही पल में पीछे से आ रहे घायल उपेंद्र के पिता सुरेश यादव (57) भी पहुंच गए। विवाद में बीच-बचाव के दौरान इनकी भी पिटाई कर दी गई। किसी तरह ये सभी कुछ दूरी पर स्थित अपने गांव आ गए। इस घटना से गांववालों में आक्रोश फैल गया। एक दर्जन से अधिक लोग लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए। इसके बाद विवाद करने वाले परमात्मा पासवान समेत उसके साथ रहे लोगों की खोजबीन करने लगे। इसी बीच किसी ने बस्ती की एक झोपड़ी में आग लगा दी। उसके बाद ईंट व पत्थर चलने लगे। आग से अवधेश पासवान व दिलीप पासवान की झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस पथराव में अंजली देवी (60) व मुन्नी देवी (25) घायल हो गईं। बस्ती के लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल 100 पर सूचना दी। खबर पाते ही एसआई सर्वेंदर राय मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने अवधेश पासवान की तहरीर पर 6 नामजद, दस अज्ञात व दूसरे पक्ष के सुरेश यादव की तहरीर पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर थाने में दी है। थानाध्यक्ष शशिमौलि पांडेय ने बताया कि मौके पर पुलिस गई थी। झोपड़ी फूंकने की बात संदिग्ध लग रही है।