Thursday , February 9 2023

गाजीपुर: किशोर की हत्या कर शव कों फेंका

crime_1482956696

कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव से अगवा हुए एक किशोर की हत्या कर फेंका गया शव बुधवार को स्थानीय थाना क्षेत्र के फेफरा गांव के सिवान में मिला। किशोर के चेहरे और शरीर के कई अन्य हिस्सों पर गम्भीर चोट के निशान पाये गये हैं। इस मामले में किशोर के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बेलसड़ी गांव निवासी घुरा राजभर का 13 वर्षीय पुत्र पप्पू राजभर कक्षा आठ का छात्र था। बीते दो जनवरी की सुबह सात बजे वह शौच के लिए घर से निकला, लेकिन पुन: घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद से ही परिवार के लोग पप्पू को इधर से उधर खोज रहे थे। फेफरा गांव के कुछ लोगों ने बुधवार को सिवान में एक किशोर के शव को देखा। यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद शव की पहचान पप्पू राजभर के रूप में हुई। सूचना के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव की तत्काल पहचान की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गत दिवस मंगलवार को उनके मोबाइल पर किसी अंजान नम्बर से फोन आया था और फोन करने वाले ने पूछा भी कि पप्पू कहां है। इसके बाद फोन कट गया था। परिजनों के मुताबिक उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। बिना किसी दुश्मनी के पप्पू की हत्या होना कुछ अजीब लग रहा है। पुलिस के अनुसार किशोर के चेहरे और शरीर के कई अन्य हिस्से पर चोट के गम्भीर निशान है। जिससे जाहिर हो रहा है कि उसकी हत्या काफी नृशंस तरीके से की गई है। एसओ किशोरीलाल ने बताया कि मामला हत्या का ही है। फिलहाल पुलिस यह पता करने में जुटी है कि हत्या किसने और क्यों की है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो जायेगा कि हत्या कब और किस समय की गई थी।