Thursday , February 9 2023

अखिलेश यादव ने सपा में शामिल किए बसपा के कई नेता,जानिए क्या है यूपी चुनाव की तैयारी

उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनैतिक सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को देखते हुए लोग विभिन्न दलों में शामिल हो रहे हैं। दो बार विधायक रहे डॉ. धर्मपाल सिंह ने अपने पुराने दल सपा में शामिल होकर साइकिल की सवारी कर ली है। वहीं बसपा में कभी वरिष्ठ नेताओं में गिने जाने वाले कुंवरचंद वकील भी सपा में शामिल हो गए। दोनों नेताओं को सपा के राष्ट्रीय अखिलेश यादव ने पार्टी ज्वाइन कराई।  

2017 में बसपा के टिकट पर एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े डॉ. धर्मपाल सिंह भाजपा प्रत्याशी राम प्रताप सिंह चौहान से चुनाव हार गए थे। बाद में सिने अभिनेता राजबब्बर कांग्रेस से फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े तो उन्होंने बसपा छोड़कर बब्बर का सहयोग किया। हालांकि कांग्रेस ज्वाइन नहीं की। इधर, वह काफी दिनों से अपनी नई पारी शुरू करने के लिए सही पार्टी की तलाश में लगे हुए थे। हालांकि सपा के वरिष्ठ नेताओं से उनकी काफी पहले से बात चल रही थी। आरबीएस कालेज छात्र संघ के अध्यक्ष रहे डॉ. सिंह ने राजनीति की शुरुआत सपा के साथ ही की। वह सपा के प्रदेश सचिव भी रहे। सपा से ही 2002 में दयालबाग विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े थे, लेकिन सफलता नहीं मिली। 2006 में सपा छोड़ दी। फिर उन्होंने राजबब्बर के साथ रहकर जनमोर्चा से इस विधानसभा क्षेत्र से 2007 में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2008 में बसपा में शामिल हो गए। 2012 में बसपा के टिकट पर एत्मादपुर से विधायक चुने गए। 2017 में वह भाजपा प्रत्याशी से चुनाव हार गए। इस बार भी उनके सपा से एत्मादपुर क्षेत्र से ही विधायक का चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी है। डॉ. सिंह चुनाव हारने के बाद भी लगातार एत्मादपुर में सक्रिय रहे। पूरे कोरोना काल में वह ग्रामीणों की हरस्तर पर मदद भी करते रहे। 

वहीं बसपा से 2009 में आगरा संसदीय सीट से चुनाव लड़े कुंवर चंद वकील अब सपाई हो गए हैं। उन्होंने भी सपा ज्वाइन कर ली। 2019 के चुनाव में वह बसपा से चुनाव लड़ना चाहते थे। उन्होंने अपने नाम के होर्डिंग भी लगा दिए थे। इस पर बसपा सुप्रीमो ने अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें चुनाव से पहले ही पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अब सपा में शामिल होने के बाद उनकी नजर छावनी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए लगी हैं।   

गुंडागर्दी करा  कर भाजपा सरकार ने जनादेश का किया अपमान : अखिलेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पंचायत चुनावों में भाजपा सरकार ने गुंडागर्दी करा जनादेश का अपमान किया है। इससे नाराज जनता अब भाजपा को जवाब देगी। सपा सरकार बनने पर कोरोना से हुई मौतों का आडिट कराई जाएगी। यही नहीं  पंचायत चुनाव में सीमा लांघने वाले अधिकारियों की सूची तैयार है। उन पर भी कार्रवाई होगी। अखिलेश यादव ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा से अधिक गुंडागर्दी करने वाली पार्टी आज तक नहीं देखी। लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाकर एक दूसरे को लड्डू खिलाए जा रहे हैं।  सिर्फ ब्लाक प्रमुख चुनाव जीतने के लिए बहनों के कपड़े तक छीन लिए गए। पंचायत चुनाव में सबसे ज्यादा जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी और ग्राम प्रधान सपा के ही जीते थे लेकिन भाजपा ने जिस तरह से प्रशासन की मदद से गुंडागर्दी करके जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव जीते उसकी लोकतंत्र में कहीं और मिसाल नहीं मिलती।  अखिलेश यादव  ने भाजपा का संकल्प पत्र लहराते हुए कहा कि इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फोटो नहीं है, इसलिए उसे कूड़ेदान में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि वह संकल्प पत्र पर सरकार से सवाल पूछेंगे। भाजपा सरकार बताए कि  2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा कब तक पूरा होगा। आज किसानों की आय कितनी है।  सपा मुखिया से पूछा गया कि सपा सरकार बनने पर दस लाख रोजगार व बिजली फ्री देने के वायदे संबंधी सपा नेताओं के होर्डिंग कई जगह लगे हैं, इस  पर उन्होंने कहा कि इससे भी ज्यादा जनता को देंगे।