Friday , February 10 2023

जबलपुर के बेलखेड़ा में बाप ने बेटोंं के साथ मिलकर किसान को पीटा

जबलपुर: बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में ग्राम लम्हेटा के पास एक किसान के साथ तीन लोगों ने जमकर मारपीट कर दी। आरोपितों पर किसान को ट्रैक्टर में बांधकर घसीटने की भी आरोप लगाया गया है। हालांकि पुलिस घसीटे जाने की घटना से इंकार कर रही है। दूसरी तरफ फरियादी के विरूद्ध भी महिला से छेड़खानी का मामला दर्ज किया गया है।

बेलखेड़ा पुलिस ने बताया कि ग्राम इमलिया निवासी बखत सिंह लोधी (45वर्ष) ने ग्राम लम्हेटा में एक जमीन सिकमी पर ली है, जिस पर वो खेती करता है। शुक्रवार को वह मटर बेचने सहजपुर मंडी गया था। रात में वह ट्रैक्टर से लौट रहा था। इसी दौरान जब वो ग्राम लम्हेटा पहुंचा तभी वहां रहने वाले शिवराम पटेल ने अपने बेटों दीपक और जित्तू के साथ उसे रोक लिया। इतना ही नहीं तीनों उसके साथ अभद्रता भी करने लगे। जब बखत सिंह ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो आरोपितों ने राड और लाठियों से उस पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस घटना में बखत सिंह के दोनों पैर टूट गए, और हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। ऐसा भी सुनने में आ रहा है कि घायल को आरोपितों ने ट्रैक्टर में बांधकर घसीटा भी है, लेकिन पुलिस इस घटना से इंकार कर रही है।

बेटे ने बचाई जान : बखत सिंह का कहना है इसी बीच उसका बेटा गणेश सिंह भी मौके पर पहुंच गया। और आरोपितों का प्रतिकार करने लगा। जिससे घबराकर सभी आरोपित उसे भी धमकाते हुए भाग खड़े हुए। इस घटना के बाद गंभीर रूप से घायल बखत सिंह को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।

छेड़खानी का बदला.. इधर शनिवार को एक महिला बेलखेड़ा थाने पहुंची। जिसने आरोप लगाया कि बखत सिंह ने उससे घर में घुसकर छेड़खानी की है। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर बखत सिंह के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि बखत सिंह के साथ हुई मारपीट छेड़छाड़ की घटना का प्रतिशोध भी हो सकती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।

ट्रैक्टर से घसीटने का आरोप गलत : इस सनसनीखेज घटनाक्रम को लेकर बेलखेड़ा थाना प्रभारी विजय अम्भोरे का कहना है कि मारपीट की घटना हुई है, लेकिन आरोपितों द्वारा बख्त सिंह को ट्रैक्टर से बांधकर घसीटने की बात गलत है। घायल के विरूद्ध भी एक महिला ने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है, जिससे प्रतीत होता है कि मारपीट की घटना को बदले की नीयत से अंजाम दिया गया।

new ad