Friday , February 10 2023

Hanuman Janmotsav Khargone: खरगोन में हनुमान जन्मोत्सव पर कर्फ्यू में ढील के दौरान श्रद्धालुओं ने ताले लगे मंदिरों के बाहर से किए दर्शन

Hanuman Janmotsav Khargone: शहर में 10 अप्रैल की रात से लगे कर्फ्यू के दौरान शुक्रवार को यह तय किया गया है कि सभी धार्मिक आयोजन घरों से ही होंगे। इसके चलते शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव पर मंदिरों में ताले लगे रहे। हालांकि कर्फ्यू में ढील के दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर के बाहर से ही भगवान के दर्शन किए।

ज्ञात हो कि शुक्रवार को भी जुम्मे की नमाज और गुड फ्राइडे की प्रार्थनाएं घरों से ही की गई थीं। वहीं ढील के दौरान प्रतिबंधित होने के बावजूद बड़ी संख्या में दो पहिया चार पहिया वाहन दौड़ते नजर आए। हालांकि तीन दिन से जिला प्रशासन कर्फ्यू में दो-दो घंटे की छूट दे रहा है। इस दौरान लोग जरूरत का सामान खरीदने के लिए घरों से बाहर निकलते है।

घरों में हुई जुमे की नमाज और गुड फ्राइ डे की प्रार्थना

गत 10 अप्रैल रामनवमी पर हुए उपद्रव के बाद रात को लगे कर्फ्यू में गुरुवार को सिर्फ महिलाओं को और शुक्रवार को महिला-पुरुषों को दिन में दो बार दो-दो घंटे की छूट दी गई। कलेक्टर अनुग्रहा पी. ने बताया कि छूट शांतिपूर्ण रही। सभी धर्मगुरुओं से चर्चा हुई है। इसके अनुसार जुमे की नमाज और गुड फ्राइ-डे की प्रार्थनाएं घरों में ही हुईं। वहीं शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव सहित आगे होने वाले पूजन, नमाज व प्रार्थनाएं अगले आदेश तक घरों पर ही होंगी। कलेक्टर ने बताया कि फिलहाल कोई भी धार्मिक स्थल खोला नहीं जाएगा। जिले में अन्य धार्मिक-राजनीतिक जुलूसों पर प्रतिबंध है।

जिला मुख्यालय छोड़कर अन्य स्थानों पर पूजन-भंडारे किए जा सकते हैं। वहीं गुरुवार रात आनंद नगर में पथराव की अफवाह के बाद प्रशासन ने अब कड़ा रुख अपनाने की बात कही है। एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि अफवाहों और इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट पर संबंधित व्यक्ति या एडमिन सहित उस पोस्ट को अन्यत्र भेजने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर शुक्रवार तक पुलिस ने कुल 44 प्रकरण दर्ज कर 144 आरोपितों की गिरफ्तारी की है।

new ad