Saturday , January 28 2023

यूपी सरकार शीघ्र ही कई खिलाड़ियों को देगी नियुक्ति पत्र : योगी

राजभवन में आयोजित ‘अलंकरण समारोह’ में प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला के क्रम में गुरुवार को यहां राजभवन में आयोजित ‘अलंकरण समारोह’ में काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में राज्य के पदक विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों तथा 36वें नेशनल गेम्स-2022 के प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। अलंकरण समारोह में काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में पदक विजेता एवं प्रतिभागी 14 खिलाड़ियों को कुल 05 करोड़ 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किये गये। साथ ही, नेशनल गेम्स में पदक विजेता 66 खिलाड़ियों को कुल 02 करोड़ 58 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गयी।

खेल से शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक क्षमता में होती है वृद्धि : आनंदीबेन

अलंकरण समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि कोई व्यक्ति जब खिलाड़ी बनता है तो उसकी शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक क्षमता में वृद्धि होती है। वह अनुशासित होता है। जीवन में अनुशासित रहना आवश्यक है। हार-जीत खेल का हिस्सा है। खिलाड़ी को हार से निराश नहीं होना चाहिए। जीतने का प्रयास करना चाहिए और जीतने पर अहंकार नहीं आना चाहिए। शिष्टता व विवेकशीलता के साथ दूसरों की मदद करने की भावना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खिलाड़ियों को अपने क्षेत्र के बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश दिया है। एक खिलाड़ी कम से कम 10 खिलाड़ियों को तैयार करे। सभी खिलाड़ी अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी करें। स्वास्थ्य की दृष्टि से खेल सभी के लिए आवश्यक हैं। खेल से व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता में वृद्धि होती है। केन्द्र व राज्य सरकार खिलाड़ियों को अनेक प्रकार की सुविधाएं प्रदान कर रही हैं। इन सुविधाओं में उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है। सभी खिलाड़ी अपने घर, परिवार, राज्य व केन्द्र सरकार से प्राप्त होने वाली इन सुविधाओं का सम्मान करें और संकल्प के साथ मेहनत करें।

मुख्यमंत्री योगी ने अलंकरण समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज पूरा देश अपना 74वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मना रहा है। प्रदेश आज संविधान लागू होने की तिथि को कर्तव्य तिथि के रूप में आयोजित करके महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर बलिदानियों का स्मरण करते हुए देश के संविधान द्वारा प्रदत्त अपने संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति संकल्पित है। देश को दुनिया की महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री जी के पंचप्रण के अभियान के साथ आज पूरा देश जुड़ रहा है। आज बसन्त पंचमी का भी पावन अवसर है। बसन्त पंचमी प्रकृति के सौन्दर्य और सुन्दरता को प्रदर्शित करने वाले प्राकृतिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण कड़ी है। बसन्त पंचमी ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के पूजन की तिथि भी है। इस विशिष्ट तिथि पर उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला में प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का अलंकरण समारोह राज्यपाल के सान्निध्य में आयोजित किया गया है।

योगी ने अलंकरण समारोह में सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विगत 08 वर्षों में देश में खेल व खेल से जुड़ी हुई विभिन्न विधाओं को आगे बढ़ाने के अनेक कार्यक्रम संचालित किए गए हैं। ‘खेलो इण्डिया’ कार्यक्रम की सफलता के परिणाम सभी के सामने हैं। प्रदेश सरकार ने टोक्यो ओलम्पिक में पदक प्राप्त करने वाले देश के सभी खिलाड़ियों और राज्य के पदक विजेता एवं प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए एक अलंकरण समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित करने का कार्य किया। ऐसा कार्य करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है। इसके अलावा राज्य सरकार ने पैरालम्पिक खेल में देश के पदक विजेता खिलाड़ियों और इस खेल में प्रदेश से प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल के क्षेत्र में अनेक कार्यक्रम आगे बढ़ाये हैं। गांवों में खेल के मैदान के लिए जमीन आरक्षित करने, खेल के मैदान बनाने, ओपेन जिम के निर्माण तथा विकास खण्ड स्तर पर मिनी स्टेडियम एवं जनपद स्तर पर स्टेडियम बनाने जैसे कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दल के माध्यम से सभी ग्राम पंचायतों में स्पोर्ट किट उपलब्ध करायी जा रही। अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश के जिन खिलाड़ियों ने मेडल प्राप्त किये हैं, उनकी राजपत्रित पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने हाल ही में 02 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र जारी किये हैं। प्रदेश सरकार शेष खिलाड़ियों के लिए भी शीघ्र ही नियुक्ति पत्र जारी करेगी और उन्हें सरकारी नौकरी से जोड़ेगी।