Saturday , January 28 2023

फिर बदला मौसम, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड

यूपी में अगले 4 दिन बारिश का अलर्ट, गिरेगा पारा

लखनऊ : यूपी में शुक्रवार को फिर मौसम का मिजाज बदल गया। हिमालय की चोटी से आ रही ठंडी हवाओं ने गलन को बढ़ा दिया। मौसम विभाग ने तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट का अनुमान जताया है। वहीं, पूरे यूपी में अगले चार दिन तक गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि आज और कल कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं है। लखनऊ में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए हुए हैं। न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री और अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, बरेली में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।

इसके पहले गुरुवार को प्रदेश के कई शहरों में घने बादल छाए रहे। वाराणसी सबसे गर्म शहर रहा। यहां का तापमान 27.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, शाहजहांपुर का तापमान सबसे कम 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यूपी के ज्यादातर शहरों में घने बादल छाए रहे। सीएसए यूनिवर्सिटी कानपुर के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, 29 जनवरी से ठंडी हवाएं चलना बंद हो जाएगी। इसके बाद यूपी में तापमान नॉर्मल रहेगा। फरवरी महीने में नॉर्मल ठंड पड़ेगी। बदलते मौसम के चलते अगले 4 दिन कोहरे की मार झेलनी पड़ सकती है। यूपी के कई हिस्सों में घना कोहरा पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बरेली में आज सर्दी बढ़ी, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक पहुंच गया। दिन में बादल छाए रहे। हालांकि हल्की धूप भी निकली। अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक पहुंच सकता है। 7 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।