Friday , February 10 2023

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आज, 7.15 करोड़ बच्चे खाएंगे एलबेंडाजाल

लखनऊ : प्रदेश में 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस है। इस दिवस पर 56 जिलों में 7.15 करोड़ एक वर्ष से 19 वर्ष तक बच्चों एवं किशोर किशोरियों को कृमि मुक्ति की दवा यानि पेट से कीड़े निकालने की दवा खिलाई जाएगी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के महाप्रबंधक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि जनपदों में स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकत्री की मदद से एक वर्ष से पांच वर्ष तक के पंजीकृत बच्चों और 6 वर्ष से 19 वर्ष तक के स्कूल न जाने वाले बालक-बालिकाओं को दवा खिलाई जाएगी। वहीं 6 वर्ष से 19 वर्ष तक के छात्र-छात्राओं को उनके शिक्षकों के माध्यम से दवा सेवन सुनिश्चित करना है। किशोर जुबेनाइल होम में प्रभारी अधीक्षक के माध्यम से किशोरों को दवा खिलाई जाएगी। यह दवा चबाकर खानी है।

किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त बच्चे या किशोर को दवा नहीं खिलाई जाएगी। इस दिवस पर दवा सेवन से छूटे बच्चों एवं किशोर किशोरियों के लिए 13-15 फरवरी को मापअप राउन्ड आयोजित होगा। अभियान के दौरान कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करना आवश्यक है। यह दवा तत्काल सामने ही खानी है। किसी भी बच्चे या परिजन को बाद में खाने के लिए नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई में कृमि मुक्ति अभियान के दौरान प्रदेश सभी 75 जनपदों के 820 ब्लॉकों एवं 70 शहरी क्षेत्रों में दवा खिलाई गई। इस दौरान 9 करोड़ 41 लाख 30 हजार 379 बच्चों एवं किशोर किशोरियों को दवा खिलाने के लिए लक्षित किया गया था। वहीं अभियान के दौरान कुल 7 करोड़ चार लाख 12 हजार 81 लोगों को दवा खिलाई गई। यानि 74.8 प्रतिशत लक्षित बच्चों एवं किशोर किशोरियों को कृमि मुक्ति की दवा खिलाई गई थी। इस दौरान किसी भी ब्लॉक से किसी प्रतिकूल की घटना सामने नहीं आई थी।