Saturday , February 18 2023

दुनियाभर के प्रमुख शहर से जुड़ेगा भारत, एअर इंडिया ने दिए 840 विमानों के ऑर्डर

नई दिल्ली : टाटा समूह की कंपनी एअर इंडिया ने एयरबस और बोइंग कंपनियों को कुल 840 विमान खरीद का ऑर्डर दिया है। इनमें से 370 विमान अगले 10 साल में लेने का वैकल्पिक खरीद अधिकार अपने पास रखा है। ये पक्के ऑर्डर पर लिए जा रहे 470 विमानों के अलावा होंगे। इससे भारत दुनिया के हर प्रमुख देश से सीधे जुड़ सकेगा। एअर इंडिया के मुख्य व्यावसायिक व रूपांतर अधिकारी निपुण अग्रवाल ने भारतीय उड्डयन क्षेत्र में इस ऑर्डर को ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि इसने पूरे विश्व में उत्साह जगाया है। 470 विमानों के पक्के ऑर्डर और 370 विमानों के वैकल्पिक खरीद अधिकार के लिहाज से यह डील वैश्विक उड्डयन क्षेत्र के आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी डील में से एक है।

एअर इंडिया ने दावा किया कि दो साल पहले एअर इंडिया के निजीकरण की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही इस खरीद की यात्रा शुरू हो गई थी। एअर इंडिया ने बताया था कि एयरबस से 210 ए320/321 नियो/एक्सएलआर और 40 ए350-900/1000 विमान खरीदे जा रहे हैं। बोइंग से 190 की संख्या में 737-मैक्स, 20 की संख्या में 787 और 10 की संख्या में 777 विमान खरीदे जाएंगे। निपुण ने बताया कि सीएफएम इंटरनेशनल, रोल्स रॉयस और जीई एयरोस्पेस के साथ इंजनों के दीर्घ-अवधि रखरखाव का भी करार हुआ है।