Saturday , February 18 2023

स्वरा भास्कर ने सपा नेता फहद अहमद से रचाई शादी

मुंबई : बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने गुपचुप तरीके से शादी रचा ली है। स्वरा ने सपा नेता और मुस्लिम एक्टिविस्ट फहद जिरार अहमद के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है। स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए खुद जानकारी दी है। इस बात की जानकारी देते हुए स्वरा भास्कर ने फहद के लिए एक स्पेशल नोट भी शेयर किया है। स्वरा भास्कर ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘कभी-कभी आप किसी चीज को दूर-दूर तक खोजते हैं, लेकिन वह आपके आस-पास होती है। हम प्यार की तलाश में थे, लेकिन हमें पहले दोस्ती मिली और फिर हमने एक-दूसरे को पा लिया। मेरे दिल में आपका स्वागत है फहद जिरार अहमद।

स्वरा ने जो वीडियो शेयर की है, उसमें दोनों की वीडियो क्लिप चल रही है। दोनों प्रोटेस्ट में भाषण देते नजर आ रहे हैं। दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत प्रोटेस्ट के दौरान ही हुई थी। वीडियो में आगे दिखता है कि व्हाट्सएप के जरिए फहद स्वरा को मार्च 2020 में अपनी बहन की शादी में आने की दावत देते हैं, जिस पर स्वरा कहती हैं, ‘यार मजबूर हूं, शूट से नहीं निकल पाऊंगी। इस बार माफ करो दोस्त, कसम है तुम्हारी शादी में जरूर आऊंगी। इस वीडियो पर कमेंट करते हुए स्वरा भास्कर के फैंस उन्हें शादी की बधाई दे रहे हैं।

बहेड़ी की बनीं बहू, कस्बे वालों में खुशी का माहौल

बता दें कि फहद अहमद बरेली के बहेड़ी कस्बा के रहने वाले हैं। माजवादी युवजन सभा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष हैं। स्वरा भास्कर के बहेड़ी की बहू बनने की जानकारी पाकर कस्बे के लोगों में खुशी का माहौल है। बृहस्पतिवार को जैसे ही स्वरा और फहद की शादी के बारे में पता चला, कस्बे के लोग सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई देने लगे। मोहल्ला इस्लामनगर नरायन नगला रोड निवासी फहद अहमद ने बहेड़ी से ही प्राथमिक शिक्षा ली थी। इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई अलीगढ़ में की। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से स्नातक भी किया और मुंबई से पोस्ट ग्रेजुएट पूरी की। फहद अहमद महाराष्ट्र के सपा नेता एवं विधायक अबू आसिम आजमी के करीबी माने जाते हैं। स्वरा भास्कर से शादी कराने में उनकी भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।