Wednesday , May 10 2023

Varanasi : आज होगा मेयर के 11 और पार्षद के 637 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

देर रात तक बूथों पर पुलिस बल के साथ पहुंची पोलिंग पार्टिंयां, पहले चरण में वाराणसी नगर निगम और गंगापुर नगर पंचायत के लिए आज होगा मतदान
भाजपा, सपा व कांग्रेस के बीच काटे की टक्कर, अगर मुस्लिम मतादाता सपा या कांग्रेस के पक्ष में एकतरफा गए तो भाजपा की राह मुश्किल होगी

-सुरेश गांधी

वाराणसी : नगर निगम के मेयर और पार्षद पद के चुनाव ईवीएम से होंगे। जबकि गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष व सदस्य पद के चुनाव मतपत्र से कराए जाएंगे। इसके लिए 4 मई को वोट डाले जायेंगे। 13 मई को नतीजे जारी होंगे। मेयर पद के 11 और पार्षद के 637 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर 4 और सदस्य के लिए 30 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वाराणसी नगर निगम को भाजपा का अभेद किला माना जाता है। यहां पहली बार 1995 में भाजपा का महापौर चुना गया था, तब से लेकर अब तक यह सीट भाजपा के ही पास है। बता दें, इस चुनाव के लिए 11 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। खास बात यह है कि भाजपा, सपा व कांग्रेस के बीच काटे की टक्क्र है। माना जा रहा है कि अगर मुस्लिम मतादाता सपा या कांग्रेस के पक्ष में एकतरफा गए तो भाजपा की राह मुश्किल होगी। जबकि मुस्लिम मतों का बटवारा हुआ तो भाजपा की जीत आसान हो जायेगी। बाजी किसके हाथ लगेगा ये तो 13 मई को इवीएम से निकले परिणाम बतायेंगे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के कारण यह सीट भाजपा के लिए बेहद खास है। ऐसे में पार्टी वाराणसी मेयर सीट को हाथ से न जाने देने के लिए हर हथकंडे अपना रही है।

बता दें, वरुणापार, कोतवाली, आदमपुर, दशाश्वमेध व भेलूपुर जोन बनाए गए हैं। छह जोन में बांटे गए नगर निगम के मतदान केंद्रों के लिए पुलिस लाइन से पोलिंग पार्टियां रवाना हुई जो शाम के समय मतदान कर्मचारी अपने-अपने बूथों पर पहुंच गए हैं। गंगापुर नगर पंचायत में तैनात पोलिंग पार्टियों ने निर्वाचन संबंधित सामग्रियां मतपेटी, बैलेट पेपर आदि की गिनती की। शाम को बूथों पर पहुंचकर अपने कार्यों को पूरा किया। चुनाव के बाद इवीएम मशीनें उप्र राज्य भंडारा निगम के गोदाम पहड़िया मंडी में रखी जाएंगी। महापौर एवं पार्षद पद का मतगणना पहाड़िया मंडी में ही होगी। नगर निगम में पांच जोन, 100 वार्ड, 408 मतदान केंद्र व 1298 बूथ बनाए गए हैं। अध्यक्ष एवं सदस्य, नगर पंचायत, गंगापुर के निर्वाचन के लिए मतदान पार्टी तहसील राजातालाब से रवाना की गईं।

16 लाख 11 हजार 536 मतदाता
नगर निगम में 100 वार्ड बनने के बाद मतदाताओं की कुल संख्या 16,11,536 हो गयी है। ये सभी मतदाता 4 मई को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पिछले चुनाव तक इस क्षेत्र में 15,89,527 मतदाता थे। अंतिम सूची में 22,009 मतदाता बढ़े हैं। गंगापुर नगर पंचायत में मतदाताओं की संख्या घटकर 6,728 हो गई है। इससे पहले 6,873 मतदाता थी। नगर निगम में वर्ष 2017 के चुनाव के बाद 87 गांवों का विलय किया गया और इसके बाद रामनगर नगर पालिका व सूजाबाद नगर पंचायत को भी नगर निगम में शामिल किया गया है। शहर के आसपास के 87 गावों के जातीय समीकरण भी सभी सियासी दलों के समीकरणों को मुश्किल में डाल रहे हैं।

मतदाताओं की जोनवार संख्या
दशाश्वमेध – 349481
भेलूपुर – 392564
आदमपुर – 269511
कोतवाली – 112176
वरुणा पार – 487804
कुल मतदाता 1611536
पांच जोन में बूथों की संख्या
जोन — – वार्ड — – बूथ
कोतवाली- 08 — – 94
दशाश्वमेध – 22 — – 298
भेलूपुर – 25 — – 302
आदमपुर – 18 — – 212
वरुणापार – 27 — — 392

100 वार्डों के 1325 बूथों पर आज होगी वोटिंग
सौ वार्डों से 408 मतदान केंद्रों पर बने 1325 बूथों पर वोटिंग होगी। इसके लिए पोलिंग पार्टियां बुधवार को देर शाम तक ही बूथों पर पहुंच गयी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एस. राजलिंगम ने बताया कि वाराणसी में निकाय चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान होगा। वाराणसी नगर निगम पर महापौर पद के लिए ईवीएम मशीन से मतदान होगा। पांच जोन के 100 वार्ड में 408 मतदान केंद्र व 1298 बूथ बनाए गए हैं। नगर पंचायत गंगापुर में मतदान केंद्र व बूथों की संख्या दस होगी।