Monday , May 8 2023

क्षय रोगी चिन्हित करने के लिए चलेगा 15 से विशेष अभियान

लखनऊ : प्रधानमंत्री ने देश से क्षय(टीबी) उन्मूलन का लक्ष्य वर्ष 2025 निर्धारित किया है| उत्तर प्रदेश सरकार इस लक्ष्य को समय से प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्पित है| इसी क्रम में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर 15 मई से 21 कार्य दिवसों तक विशेष अभियान चलाकर क्षय रोगी खोजे जाएंगे| इस संबंध में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक द्वारा संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं| जिला क्षय रोग अधिकारी डा. आर.वी.सिंह ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर क्षय रोगियों के चिन्हींकरण, जांच, उपचार, निक्षय पोषण योजना के तहत राशि का सीधे बैंक में ट्रांसफर, काउंसलिंग एवं मनोसामाजिक सहयोग प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका अपेक्षित है| इस अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की भूमिका अहम है| अभियान में आशा कार्यकर्ता और एएनएम का सहयोग लिया जाएगा|

उन्होंने कहा कि यह अभियान उन क्षेत्रों में चलेगा जो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर से दूर हों और जहां पिछले दो सालों में अधिक टीबी रोगी या कोविड रोगी चिन्हित हुए हों| प्रत्येक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर हर सप्ताह तीन-तीन शिविर लगाए जाएंगे| शिविर से पहले आशा कार्यकर्ता और एएनएम अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर क्षय रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा| आशा कार्यकर्ता और एएनएम शिविर वाले दिन चिन्हित व्यक्तियों को शिविर पर लाएंगी जहां पर उनके बलगम को एकत्र कर जांच के लिए भेजा जाएगा| जांच पॉजीटिव आने पर तुरंत ही मरीज का नोटिफिकेशन कर इलाज शुरू कर दिया जाएगा|

क्षय रोग के लक्षण हैं-
दो हफ्ते से ज्यादा खांसी आना|
वजन में कमी आना|
रात मे पसीना आना
बलगम में खून आना|