Tuesday , October 17 2023

मध्य प्रदेश में पिछले 18 साल में 250 से ज्यादा घोटाले हुए : प्रियंका वाड्रा

भोपाल : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को एक दिवसीय मध्यप्रदेश के प्रवास पर धार जिले के राजगढ़ पहुंची हैं। यहां उन्होंने पार्टी की जनआक्रोश यात्रा की जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले 18 सालों में 250 से ज्यादा घोटाले हुए हैं। ये जांच एजेंसियों को सबके घर भेज देते हैं। अभिनेताओं को भी नहीं छोड़ा। यहां ईडी जांच के लिए अब तक क्यों नहीं पहुंची? प्रियंका ने कहा कि यहां लगातार भ्रष्टाचार हो रहे हैं। व्यापमं के घोटाले में 50 से ज्यादा मौत हुई किसी ने जांच नहीं कराई। ये लोग हर जगह ईडी भेज देते हैं। महाकाल लोक में मूर्तियों के साथ घोटाला हुआ, क्या कोई भगवान के साथ घोटाला कर सकता है। अगर आप सवाल नहीं पूछेंगे तो आपका भविष्य बुरा होगा। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोगों ने नेता को भगवान बना दिया है। वो भी आपकी तरह इंसान हैं। जब वो निरंकुश हो जाता है तो यह आपकी जिम्मेदारी है कि उसे सबक सिखाएं। आज आपके प्रदेश में महंगाई हैं, त्योहार आ रहे हैं, यहां लोगों की इस बात की चिंता होती है कि कैसे कोई सामान खरीदें। उन्होंने कहा कि आज आदिवासी समाज की गौरव गोंडवाना की रानी दुर्गावती की जयंती है, उन्हें मेरा नमन। अमका-झमका माता की कृपा से मैं यहां आई हूं, यहां श्वेतांबर जैन समाज का तीर्थ स्थान मोहनखेड़ा है। यहीं पर टंट्या मामा ने हमारी आजादी के लिए अपना बलिदान दिया।

जनसभा से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोहनखेड़ा तीर्थस्थल पहुंचकर पूजा और राजगढ़ में टंट्या मामा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में लोग कैसे पहचानते हैं कि कौन झूठ बोल रहा है। मैंने यहां कुछ युवाओं से मध्य प्रदेश का हाल पूछा तो उन्होंने कि राजा जा रहा है। हम इस बार रोजगार के लिए वोट देंगे। उन्होंने कहा कि हमारी कांग्रेस की सरकारों ने पंचायतों को सत्ता देकर अधिकार मजबूत बनाया था। भाजपा सरपंचों के अधिकारों में कटौती कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में 485 रुपये में गैस सिलेंडर और राशन मिल जाता था। आज चुनाव के लिए सिलेंडर के रेट घटाए गए हैं। चुनाव आया तो प्रधानमंत्री मोदी हर दो दिन में यहां आकर उद्घाटन कर रहे हैं। वे शिवराज का नाम लेने से भी शर्म कर रहे हैं। वे तो आपके मुख्यमंत्री बनने वाले नहीं हैं।