Saturday , February 11 2023

काले कारनामे छिपाने लिए कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

नैमिषारण्य में तिरंगा फहराते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य।  - संवाद

नैमिषारण्य में तिरंगा फहराते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य। – संवाद – फोटो : SITAPUR

नैमिषारण्य/सीतापुर। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कांग्रेस व सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त 2020 को राम मंदिर निर्माण की नींव रखी गई थी। इस तारीख को ही कश्मीर से धारा 370 को हटाया गया था। जश्न का दिन था लेकिन कांग्रेस के लोगों ने अपने काले कारनामे छिपाने के लिए काले कपड़ों में प्रदर्शन किया। कांग्रेस महंगाई पर प्रलाप करके अपने अतीत से लोगों का ध्यान हटाना चाहती है।


उन्होंने कहा कि महंगाई से दुनिया के बहुत देश जूझ रहे हैं। मैं भी मानता हूं कि महंगाई बढ़ी है और सरकार इसको कम करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। सपा मुखिया अखिलेश यादव सत्ता के बिना विचलित हो रहे हैं। डिप्टी सीएम शनिवार को जिले के दौरे पर नैमिषारण्य पहुंचे। उन्होंने दर्शन पूजन किया। विकास कार्यों की समीक्षा की। अमृत सरोवरों को 15 अगस्त तक पूरा करने पर उनका खास जोर रहा।


उन्होंने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश सत्ता से बेदखल होने पर विचलित होकर अनाप शनाप बयान दे रहे हैं। बीजेपी ने पांच साल में पारदर्शी और दंगा मुक्त शासन दिया है। यूपी में न तो दंगे हुए है और न ही दंगे होने देंगे। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे है। 15 अगस्त का दिन उन लोगों को याद करने का है। जिन्होंने इस देश के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर किया।


उन्होंने कहा नैमिषारण्य तीर्थ सनातन तपोभूमि है। यहां की ऊर्जा और धार्मिक महत्ता को राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार प्रसार करने के लिए योगी सरकार तत्पर है। आज मां ललिता देवी के चरणों में आशीर्वाद लेने आया हूं। सभी देशवासियों की सुख व शांति की प्रार्थना की है। हमारी सरकार में नैमिष का विकास प्राथमिकता में हैं।


माता का आशीर्वाद लेकर जा रहा हूं। जल्द ही इस तीर्थ की सूरत बदलेगी। उपमुख्यमंत्री सबसे पहले पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे। जहां पर अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उसके बाद उनका काफिला मां ललिता देवी मंदिर पहुंचा। जहां उन्होंने मंदिर पुजारियों के सानिध्य में पूजन अर्चन किया। इसके बाद वह चक्रतीर्थ पहुंचे। जहां उन्होंने पुजारी राजनाथ पांडेय से तीर्थ का महत्व जाना।


उप मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी पहुंचे और बजरंगदास के सानिध्य में रामभक्त हनुमान की पूजा की। इसके बाद देवदेवेश्वर धाम पहुंचे, यहां पर उन्होंने सपरिवार महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान डीएम अनुज सिंह, एसपी घुले सुशील चंद्रभान, भाजपा विधायक रामकृष्ण भार्गव, भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा, महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।


राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का स्वागत
हनुमानगढ़ी के सत्संग हाल में राजस्थान के गायत्री परिवार द्वारा चल रहे धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। जहां उन्होंने श्रद्धालुओं का उत्तर प्रदेश में स्वागत किया। उन्होंने प्रदेश की उन्नति की कामना करने का आशीर्वाद मांगा। कहा कि यूपी में योगी सरकार में प्रदेश में आप लोगों को पहले से बहुत कुछ बदलाव दिखा होगा।