Friday , February 10 2023

Bahraich: मैम! भाजपा नेता ने मेरे साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है, इतना दबाव है कि जीना दुश्वार हो गया है

सार

नाबालिग लड़की ने भाजपा नेताओं पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कहा कि उस पर सत्ता का इतना दबाव है कि जिले में उसकी बात नहीं सुनी जा रही है। जीना मुश्किल हो गया है।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर। – फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

मैम! मेरे साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। भाजपा नेताओं का दबाव इतना था कि रिसिया थाने में मेरा मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। लखनऊ में भी सामूहिक दुष्कर्म हुआ था तो वहां एफआईआर दर्ज करवाने के बाद विवेचना के लिए यहां आए हैं। इतना दबाव है कि जीना दुश्वार हो गया है। कल हम लोग विवेचना के लिए जा रहे थे तो दोनों पीछे लगे रहे। मेरे साथ बीजेपी के नेता ने अपने साथी के साथ मिलकर बलात्कार किया है। मुझे न्याय दिला दीजिए। ये बातें रोते हुए एक नाबालिग लड़की ने एमएलसी से कहीं। एमएलसी ने न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।

बहराइच सांसद अक्षयवरलाल गोंड गुरुवार को अपने आवास पर एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी की मौजूदगी में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। इसी दौरान एक नाबालिग लड़की अपनी बुआ के साथ पहुंची। उसने एमएलसी से कहा कि बीजेपी नगर उपाध्यक्ष हरि गुप्ता व साथी पवन पाल ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। मीडिया से पीड़िता ने कहा कि सत्ता का दबाव इतना रहा कि जिले में व्यथा नहीं सुनी गई।

लखनऊ में भी दुराचार किया गया इसलिए वहां कृष्णानगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता की बुआ के मुताबिक, एमएलसी से कहा है कि हम लड़की को लेकर कहां जाएं। नेताओं के दबाव में सुनवाई नहीं हो रही है। कोई मदद नहीं करेगा तो तेल डालकर खुद को जला लेंगे। वहीं, एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया, पीड़िता सांसद के आवास पर आई थी। मैं प्रेस कांफ्रेंस के बाद बाहर निकल रही थी उसी समय उसने व्यथा सुनाई। मैंने सांसद को बताने का आश्वासन दिया है। वहीं, मामले में हरि गुप्ता का कहना है कि उन्हें फंसाया जा रहा है।