Friday , February 3 2023

Pulse Polio Abhiyan: योगी ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, बोले- संयुक्त प्रयास से दूर करें पोलियो

सार

मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत 50 जिलों में करीब दो करोड़ 28 लाख बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह हमारा कर्तव्य है कि हम लोगों की सेहत की हिफाजत में योगदान दें। हर बच्चे को पोलियो का टीका देना जरूरी है। इस बात का ध्यान रखें कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूटने न पाए। वह रविवार को पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान में हर व्यक्ति को सहयोग करना होगा। सभी के संयुक्त प्रयास से पोलियो को दूर किया जा सकता है। अब एहतियाती तौर पर टीका देना है। पल्स पोलियो अभियान सामूहिक ताकत का अहसास कराता है। सभी लोगों ने एकजुट होकर इसे भगाने में कामयाबी पाई है। इसे निरंतर बनाए रखना होगा।

इस दौरान ब्रजेश पाठक ने बताया कि यूपी के 50 जिले चुने गए हैं। इसमें करीब दो करोड़ 28 लाख बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया जाएगा।