Tuesday , February 14 2023

तीन राज्यों के चुनाव नतीजे से साफ हो जाएगा राहुल की यात्रा का असर!

अमित शाह बोले, देश की जनता तय करेगी 2024 के चुनाव में मुख्य विपक्ष

नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2024 के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी के चुनौती बनने को लेकर बयान दिया है। दरअसल, शाह से पूछा गया था कि क्या वे राहुल गांधी को पीएम पद का दावेदार मानते हैं, इस पर उन्होंने कहा है कि अभी तीन राज्यों में चुनाव आ रहे हैं। यह साफ हो जाएगा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का क्या असर रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में मुख्य विपक्ष किसे मानते हैं, इस सवाल के जवाब में अमित शाह ने कहा कि यह देश की जनता तय करेगी। अभी तक जनता ने किसी को भी मुख्य विपक्षी दल नहीं बनाया है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार माना जा रहा है, इस सवाल पर अमित शाह ने कहा कि जल्द ही तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और उनके नतीजों से पता चल जाएगा कि भारत जोड़ो यात्रा का क्या प्रभाव रहा। त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में इस महीने के अंत में ही चुनाव होने हैं और 16 फरवरी को मतदान होना है। गुजरात दंगे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित भूमिका को लेकर बीबीसी ने बीते दिनों एक डॉक्यूमेंट्री रिलीज की थी। इस पर अमित शाह ने कहा कि हजारों साजिशों के बावजूद सच सामने आ जाएगा। वो 2002 के बाद से ही मोदी जी के पीछे हैं लेकिन हर बार मोदी जी पहले के मुकाबले ज्यादा मजबूत और लोकप्रिय होकर उभरते हैं। त्रिपुरा चुनाव पर अमित शाह ने कहा कि त्रिपुरा में वोट शेयर भी बढ़ाएंगे और सीटें भी बढ़ाएंगे। त्रिपुरा में कांग्रेस और कम्यूनिस्ट पार्टी दोनों ही मानती हैं कि वह अकेले बीजेपी को नहीं हरा सकते, इसलिए दोनों ने गठबंधन कर लिया है। हम इतने ताकतवर हो गए हैं कि कोई हमसे अकेले नहीं लड़ना चाहता।