Saturday , January 28 2023

‘कोई मिल गया’ ऐक्टर रजत बेदी की कार से टक्कर के बाद घायल शख्स की मौत, बढ़ी मुश्किल

रजद बेदी की कार से टक्कर के बाद घायल शख्स की मौत हो गई है। यह जानकारी बुधवार को पुलिस ने दी। मंगलवार देर रात पीड़ित की मौत के बाद पुलिस ने एफआईआर में धारा 304-A और बढ़ा दी है। पुलिस के जानकारी देने तक रजत की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पीड़ित परिवार ने बताया था कि रजत ने ऐक्सीडेंट के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया था और मदद का वादा किया था। हालांकि बाद में वह गायब हो गए।

दो दिन इलाज के बाद हो गई मौत

ऐक्सीडेंट के केस में फंसे रजत बेदी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनकी कार से घायल होने के बाद पीड़ित की मौत हो गई। PTI की खबर के मुताबिक, अफसरों ने बताया, पीड़ित राजेश बौध एक मजदूर थे। दो दिन से कूपर अस्पताल में उनका इलाज चल  रहा था, उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। 

नशे में गाड़ी के नीचे आने की रिपोर्ट्सपुलिस के मुताबिक, ऐक्सीडेंट सोमवार को अंधेरी के एक मंदिर के पास हुआ था। रजत बेदी उस वक्त अपने घर जा रहे थे। पैदल जा रहे राजेश नशे में थे और अचानक सड़क के बीच में आ गए। रजत ब्रेक लगा पाते तब तक वह गाड़ी के नीचे आ गए। 

पत्नी बोली, मदद का झांसा देकर चले गए

रजत ने घायल को कूपर अस्पताल में भर्ती करवा दिया। उन्होंने डीएन नगर पुलिस स्टेशन जाकर पुलिस को घटना की जानकारी भी दी। वहीं पीड़ित की पत्नी ने आरोप लगाया था कि रजत ने अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद इलाज में मदद का आश्वासन दिया था। कहा था कि वह और उनका ड्राइवर वहीं रहेंगे लेकिन वे चले गए और वापस नहीं आए।